मीरजापुर पहुंचे ADG जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा, PAC कैंप से पुलिस कार्यालय तक किया निरीक्षण
मीरजापुर। ADG जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा का मीरजापुर में प्रथम आगमन हुआ। जनपद पहुंचने पर उन्होंने 39वीं PAC बटालियन का निरीक्षण किया और पुलिस लाइन व पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर समीक्षा बैठक भी की गई।
ADG जोन ने सबसे पहले 39वीं PAC बटालियन पहुंचकर गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। इसके बाद PAC परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से संबंधित व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली।
इसके बाद नवीन अरोड़ा ने पुलिस लाइन मीरजापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं, कार्यालयों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्यालयों में रखे रजिस्टर, अभिलेख और दस्तावेजों के रखरखाव की स्थिति की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन में साफ-सफाई, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया गया। इसके बाद ADG जोन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, महत्वपूर्ण अभिलेखों, लंबित मामलों से संबंधित रिकॉर्ड और कार्यालयीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें जनपद के थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
ADG जोन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान DIG पूनम, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत, पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी, SP नक्सल राजकुमार मीना, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।