प्रयागराज में दशहरा-दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सड़क से लेकर सुरक्षा तक तैयारियों की समीक्षा
प्रयागराज। दशहरा और दुर्गापूजा के आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रयागराज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को संगम सभागार में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की सहअध्यक्षता में पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों और रामलीला व दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, सफाई, बिजली, पेयजल और पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा। मेला मार्गों का निरीक्षण कर वहां मौजूद कमियों को भी समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जर्जर एवं लटकते तारों की मरम्मत और खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने के निर्देश दिए गए। रास्तों पर लटक रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई तथा स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने को भी कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने तथा संवेदनशील स्थानों का विशेष निरीक्षण करने को कहा। नगर निगम को शहरी क्षेत्रों में और पंचायतीराज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात व्यवस्था, डायवर्जन और पार्किंग को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। अपराध निरोधक, सिविल डिफेंस और अन्य सहयोगी विभागों के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि मेले में निकलने वाली झांकियों का क्रम निर्धारित रहे और उनकी ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और मानक के अनुरूप साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर जोर दिया।
पुलिस आयुक्त ने दुर्गापूजा एवं रामलीला समितियों से अपने-अपने वालेंटियर की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पुलिस और समितियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आयोजन संपन्न कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजनों में किसी भी गैर-परंपरागत गतिविधि की अनुमति नहीं होगी और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन उपमा पांडेय, उपजिलाधिकारी, एसीपी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा रामलीला एवं दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।