कांग्रेस ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को किया याद
चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से शुक्रवार को कांग्रेस भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक भी हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और दृढ़ नेतृत्व के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों से प्रेरणा लेकर देश में शांति, भाईचारे और सद्भाव का वातावरण बनाने की जरूरत है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज और देश के कल्याण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे को याद करते हुए कहा कि देश के विकास में किसानों के श्रम और जवानों के शौर्य का महत्वपूर्ण योगदान है। गांधी जी और शास्त्री जी के विचार आधुनिक भारत के निर्माण में मार्गदर्शक हैं।
मासिक बैठक में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करते हुए अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्षों की तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है और चंदौली जिले में संगठन को मजबूत कर चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी की जा रही है।
कार्यक्रम में मधु राय, तरुण पांडेय, डॉ. राम आधार, जोसफ राजेंद्र गौतम, शीतला प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, टीआर दिनकर, जगदीश तिवारी, शिव तपस्या तिवारी, गुलाब राम, बेचन पाठक, मदन लाल, सैय्यद अंसारी, अमलेंदु पांडेय, दीनदयाल विश्वकर्मा, श्रीकांत पाठक, अमरदेव राम, असगर अली, इंद्रजीत मिश्रा, अनिल श्रीवास्तव, मिठाई राम, रामौतार यादव, कृष्णा सोनी, राकेश सिंह, ओम सागर, संजय मिश्रा, निरंजन जायसवाल, अतुल दूबे, गोविंद यादव, शमशेर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।