चंदौली में दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा, किसानों को बांटे चना, मटर और सरसों के निःशुल्क बीज

 

चंदौली। जिले में धान और गेहूं के साथ दलहन एवं तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की कवायद तेज हो गई है। सेवा संकल्प अभियान के तहत चकिया, शहाबगंज और नौगढ़ विकासखंडों में किसानों को चना, मटर और सरसों के मिनीकिट बीज वितरित किए गए। चकिया में विधायक कैलाश आचार्य की मौजूदगी में 75 किसानों को निःशुल्क बीज दिए गए।

किसानों को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने उन्नतशील खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में धान और गेहूं के अलावा दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि किसानों को फसल विविधीकरण का लाभ मिल सके।

इसी क्रम में शहाबगंज विकासखंड में करीब 70 किसानों को मिनीकिट बीज वितरित किए गए। इस दौरान ब्लाक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। वहीं नौगढ़ विकासखंड परिसर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में भी किसानों के बीच चना के मिनीकिट का वितरण किया गया।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिले में गेहूं के 48,120 पैकेट, चना के 1,538 पैकेट, मटर के 25 पैकेट और मसूर के 1,462 पैकेट का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इन बीजों का वितरण 50 प्रतिशत अनुदान पर किया जाना है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक गेहूं की 80 प्रतिशत, चना की 85 प्रतिशत, मटर की 116 प्रतिशत और मसूर की 50 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। शेष बीजों की बुकिंग के लिए किसानों से कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर आवेदन करने की अपील की गई है।

बीज वितरण कार्यक्रम में अहनैन अहमद, श्यामबिहारी सिंह, गंगाराम, भरत, रामप्यारे, अरुण कुमार सिंह, विजयानंद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कृषि विभाग की ओर से सहायक विकास अधिकारी अजीत कुमार, पीयूष सिंह समेत अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।