चंदौली में विधिक जागरूकता अभियान, बच्चों को समझाया गुड टच-बैड टच का अंतर

गुड टच-बैड टच से लेकर हेल्पलाइन तक, बच्चों को दी कानूनी जानकारी
 


चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की ओर से गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का पहला चरण 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया गया, जबकि दूसरा चरण 2 अक्टूबर को प्रस्तावित रहा।

इसी क्रम में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय चंदौली से प्रभात फेरी निकाली गई। पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली निकिता गौड ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों एवं आदर्शों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

प्रभात फेरी में शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने भाग लिया। सचिव निकिता गौड ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी असुरक्षित स्पर्श या स्थिति का विरोध करने से डरना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने की सलाह दी गई।

उन्होंने बताया कि बच्चों को लैंगिक अपराध, उत्पीड़न और शोषण से सुरक्षा प्रदान करने के लिए कानून में सख्त प्रावधान किए गए हैं। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों से भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं संवेदनशील रहने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। साथ ही महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 1090 और 181 शामिल हैं। अधिकारियों ने बच्चों और महिलाओं से विषम परिस्थितियों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।