सांप के डसने से प्राइवेट शिक्षक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव में गुरुवार रात सांप के डसने से 55 वर्षीय प्राइवेट शिक्षक मनई राम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मनई राम गुरुवार रात करीब 10 बजे घर की मड़ई में सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें डेढ़ावल चौकी क्षेत्र स्थित एक निजी होम्योपैथी चिकित्सक के पास ले गए। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ने लगी।
इसके बाद परिजन उन्हें सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मनई राम अमादपुर स्थित हरदेव इंटर कॉलेज में प्राइवेट शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में एक बेटा और पांच बेटियां हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मनई राम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।