मुगलसराय विधानसभा से शिवशंकर अग्रहरि प्रत्याशी घोषित, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
चंदौली। आजाद अधिकार सेना पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद नगर पंचायत के वार्ड नंबर-14 गांधी नगर निवासी शिवशंकर अग्रहरि उर्फ पप्पू को 380 मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद मंगलवार को नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 नेहरू नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी जताई।
स्वागत समारोह में शिवशंकर अग्रहरि ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग और आशीर्वाद मिलने पर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने के साथ छोटे, मझोले और मध्यवर्गीय व्यापारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। वहीं, पार्टी कार्यकर्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि शिवशंकर अग्रहरि लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके प्रत्याशी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
अजीत कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। कार्यक्रम में अजीत कुमार सिंह, प्रशांत सिंह, शिवशंकर अग्रहरि, बिज्जू, मोनू अग्रहरि, पप्पू सिंह, सोनू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।