प्रयागराज में मुंह बोले भाई से युवती ने रचाई शादी, परिवार ने रिश्ता तोड़ा, बेटी को मृत मानकर किया अंतिम संस्कार
प्रयागराज। औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेलुआवन गांव में एक युवती के अपनी ही मुंह बोले भाई से शादी करने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। युवती के घर से भागकर शादी करने की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने उससे पूरी तरह रिश्ता तोड़ लिया।
इतना ही नहीं, पिता ने बेटी को मृत मानकर उसका पुतला बनाकर अंतिम संस्कार तक कर दिया। परिवार ने युवती की तस्वीर पर नाम से पहले ‘स्वर्गीय’ भी लिख दिया।
जानकारी के अनुसार तेलुआवन गांव निवासी गणेश पांडेय अपनी पत्नी मंशा पांडेय और चार बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी 20 वर्षीय बेटी नंदनी पांडेय दूसरे नंबर की संतान है। बताया गया कि गांव के ही रहने वाले शाश्वत गुप्ता का गणेश पांडेय के घर आना-जाना था। शाश्वत के पिता छेदीलाल बिजली विभाग में कर्मचारी हैं और शाश्वत एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है।
परिवार के अनुसार नंदनी और शाश्वत एक-दूसरे को भाई-बहन मानते थे। बताया जा रहा है कि नंदनी करीब 15 वर्षों से शाश्वत को राखी भी बांधती थी। ऐसे में दोनों के बीच प्रेम संबंध कब बन गया, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं हुई।
बताया गया कि 20 सितंबर को दोनों घर से चले गए और बाद में रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली। शादी के बाद नंदनी का कहना है कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है। युवती ने यह भी कहा कि उन्हें परेशान न किया जाए।
घटना की जानकारी परिवार को मिलने के बाद उन्होंने युवती से संबंध खत्म करने का फैसला लिया। परिवार की ओर से बेटी को मृत मानकर पुतला बनाकर अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आई है। युवती की तस्वीर पर ‘स्वर्गीय’ लिखे जाने के बाद यह मामला गांव में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।