गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यालय में गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश
सहजनवा/गोरखपुर। पाली क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में गुरुवार को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके जीवन, संघर्ष और देशसेवा को याद किया।
प्रधानाचार्य मनीराम यादव ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस दौरान लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा को भी याद किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को ‘जय जवान, जय किसान’ नारे का महत्व बताते हुए देश के जवानों और किसानों के योगदान से अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मारिया कैश, श्री प्रसाद यादव, हरिराम शुक्ला, वीरू कुमार, कृष्णा नाऊ सहित शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।