Mirzapur News: विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे के लिए 36 गांवों के काश्तकारों से मुआवजे पर बनी सहमति

 

मीरजापुर। विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में क्रय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। तहसील चुनार के सभा कक्ष में हुई बैठक में परियोजना से प्रभावित 36 ग्रामों के काश्तकारों से भूमि के दर निर्धारण और मुआवजे को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से प्रभावित काश्तकारों को मुआवजे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिग्रहित भूमि के लिए सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही भूमि की प्रकृति के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। भूमि पर मौजूद भवनों और अन्य संरचनाओं का भी नियमानुसार मूल्यांकन कर मुआवजे में शामिल किया जाएगा।

काश्तकारों से की गई सीधी वार्ता

बैठक में परियोजना से प्रभावित प्रत्येक ग्राम के काश्तकारों से दर निर्धारण को लेकर संवाद किया गया। प्रशासन की ओर से मुआवजे की प्रस्तावित दर और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी देने के बाद काश्तकारों ने चार गुना सर्किल दर के आधार पर मुआवजा दिए जाने पर सहमति व्यक्त की।

प्रशासन का कहना है कि प्रभावित काश्तकारों की सहमति और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भूमि अधिग्रहण से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में प्रभावित परिवारों के हितों और भूमि के वास्तविक मूल्यांकन को ध्यान में रखने की बात कही गई।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार चुनार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड-2, अधिशासी अभियंता चुनार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।