Mirzapur News: जनपद न्यायाधीश और DM ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण, 87 किशोर मिले आवासित

 

 मीरजापुर। जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बुधवार को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, मीरजापुर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संस्था में रहने वाले किशोरों की व्यवस्थाओं, शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और कानूनी सहायता से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में कुल 87 किशोर आवासित पाए गए। इनमें मीरजापुर के 46, सोनभद्र के 21, भदोही के 19 और अन्य जनपद का एक किशोर शामिल है। संस्था में साफ-सफाई की व्यवस्था निरीक्षण के दौरान अच्छी पाई गई।

 

 

किशोरों की शिक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। संस्था में कक्षा 5 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के किशोरों को बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबद्ध शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जा रहा था।भोजन व्यवस्था के संबंध में पूछताछ करने पर प्रभारी सहायक अधीक्षक ने बताया कि किशोरों को निर्धारित मेनू के अनुसार नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

नियमित स्वास्थ्य जांच और परामर्श के निर्देश

जनपद न्यायाधीश और जिलाधिकारी ने संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां आवासित किशोरों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही किशोरों का नियमित चिकित्सकीय परीक्षण कराने और जरूरत के अनुसार परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन किशोरों के मामलों में उनकी पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है, उन्हें नियमानुसार निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी किशोर कानूनी सहायता से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वितीय, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड विजय शंकर गौतम, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल सोनकर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।