मिथिलेश कुमार सिंह बने आजाद अधिकार सेना के जिला महासचिव, संगठन विस्तार की मिली जिम्मेदारी
चंदौली। आजाद अधिकार सेना ने संगठन को जनपद स्तर पर मजबूत करने के लिए मिथिलेश कुमार सिंह को चंदौली का जिला महासचिव मनोनीत किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद 29 सितंबर 2026 को उनका मनोनयन पत्र जारी किया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर और राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता डॉ. नूतन ठाकुर की ओर से जारी पत्र में मिथिलेश कुमार सिंह को प्रभावी नियमों एवं अधिनियमों के तहत अगले आदेश तक जिला महासचिव के पद पर मनोनीत किए जाने की जानकारी दी गई है। मनोनयन पत्र का पत्रांक AAS/Appointment/UP/529 है।
मिथिलेश कुमार सिंह पुत्र स्व. हरिद्वार सिंह ग्राम कटसिल, पोस्ट दीघवट, विधानसभा सकलडीहा, जनपद चंदौली के निवासी हैं। वे सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहने के साथ लघु उद्यमी और किसान के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। पार्टी के अनुसार, वह समय-समय पर समाजसेवा से जुड़े कार्यों में भी भाग लेते रहे हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मिथिलेश कुमार सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन की नीतियों और विचारों के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे। साथ ही संगठन को जिले के गांव-गांव तक पहुंचाने और आम लोगों की समस्याओं को सामने लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
पार्टी के मनोनयन पत्र में उनसे संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए निष्ठा, लगन और परिश्रम के साथ कार्य करने की अपेक्षा की गई है। आजाद अधिकार सेना की ओर से घोषित प्रमुख उद्देश्यों में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने तथा आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना शामिल है।