काशी के गंजारी में क्रिकेट का नया अध्याय, अक्तूबर में स्टेडियम का उद्घाटन

 

वाराणसी। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब क्रिकेट आयोजनों के लिए तैयार हो रहा है। स्टेडियम का अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन कराने की तैयारी है। निर्माण एजेंसी अक्तूबर में स्टेडियम को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को हैंडओवर करेगी।

उद्घाटन के बाद दिसंबर में यहां पहली बार आधिकारिक घरेलू क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। यूपीसीए ने गंजारी स्टेडियम को कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के दो मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है। पहला मैच तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच प्रस्तावित है।

जनवरी में डब्ल्यूपीएल की तैयारी

दिसंबर के मुकाबलों के बाद जनवरी में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मैचों की मेजबानी की भी तैयारी है। वर्ष 2027 का डब्ल्यूपीएल 14 जनवरी से सात फरवरी तक प्रस्तावित है। वाराणसी को आयोजन स्थलों में शामिल करने पर विचार किया जा चुका है। स्टेडियम समय पर पूरी तरह तैयार रहा तो यहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले खेले जाने की संभावना है।

30 हजार दर्शकों की क्षमता

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 30 हजार है। इसे डे-नाइट मुकाबलों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। बीसीसीआई स्तर से मैदान, पिच और क्रिकेट सुविधाओं का निरीक्षण भी किया जा चुका है।

काशी की पहचान से जुड़ी वास्तुकला

स्टेडियम की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को रखी थी। इसकी वास्तुकला में काशी की सांस्कृतिक पहचान को शामिल किया गया है। त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट, डमरू की आकृति वाला पवेलियन, अर्धचंद्राकार छत और घाट की सीढ़ियों जैसी दर्शक दीर्घा इसे खास स्वरूप देती हैं।