सत्य, अहिंसा और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश से गूंजा मंडलीय चिकित्सालय

गांधी-शास्त्री जयंती पर चिकित्सालय में दिखी राष्ट्रभक्ति की झलक
 


वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, वाराणसी में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके आदर्शों को स्मरण किया गया।

 

चिकित्सालय परिसर में राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. बृजेश कुमार ने किया। इस दौरान ओपीडी की पूरी टीम, एक्स-रे विभाग, हड्डी एवं ऑर्थो विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी, होम्योपैथिक विभाग के डॉ. नवीन सहित सेवानिवृत्त सैन्य जवान उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।