गांधी-शास्त्री जयंती पर ध्वजारोहण, देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प

 


वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को श्री शिव प्रसाद गुप्त मण्डलीय जिला चिकित्सालय के महिला चिकित्सालय परिसर में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मनीषा सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने में प्रेरणास्रोत हैं।

समारोह के दौरान चिकित्सालय के कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।