नवरात्र में काशी से वैष्णोदेवी, कामाख्या और मैहर जाना मुश्किल, ट्रेनों में सीटें फुल

 नवरात्र यात्रा पर रेलवे में दबाव, वैष्णोदेवी से मैहर तक ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी
 

वाराणसी। नवरात्र के दौरान काशी से वैष्णोदेवी, कामाख्या और मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 11 अक्तूबर से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर ट्रेनों में अभी से भारी भीड़ है। जम्मू, कामाख्या और मैहर रूट की कई ट्रेनों में कंफर्म सीटें उपलब्ध नहीं हैं, जबकि कुछ ट्रेनों में वेटिंग भी काफी लंबी हो गई है।

वैष्णोदेवी जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी जम्मू रूट पर हो रही है। वाराणसी से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस और अर्चना एक्सप्रेस में नवरात्र के दौरान कई तारीखों पर टिकट उपलब्ध नहीं हैं। बेगमपुरा एक्सप्रेस में 9 अक्तूबर को नो रूम है, जबकि 10 से 20 अक्तूबर तक लंबी वेटिंग बताई गई है। कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में 9 से 20 अक्तूबर तक नो रूम की स्थिति है। 

इसी तरह कामाख्या जाने वाली डिब्रूगढ़ राजधानी, गुवाहाटी एक्सप्रेस और कामाख्या एक्सप्रेस में भी नवरात्र के दौरान सीटों की उपलब्धता सीमित है। मैहर जाने वाली हमसफर, जयनगर-एलटीटी, गोरखपुर-एलटीटी, सारनाथ एक्सप्रेस और गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में भी कई तारीखों पर कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। 

नवरात्र 11 से 20 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु वैष्णोदेवी, मां शारदा मैहर और कामाख्या देवी के दर्शन के लिए यात्रा करते हैं। रेलवे की ओर से त्योहारों को देखते हुए कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है, लेकिन प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों में बढ़ती मांग के चलते यात्रियों को अभी से आरक्षण कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।