विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर संयुक्त समारोह, उत्कृष्ट फार्मासिस्टों को मिला काशी फार्मेसी रत्न सम्मान
वाराणसी। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर शुक्रवार को श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय के सभागार में फार्मासिस्टों का संयुक्त समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिप्लोमा फार्मासिस्ट रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट एसोसिएशन (डीपीआरए) एवं डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (डीपीए), वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग, दवा प्रबंधन तथा लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में फार्मासिस्टों की अहम भूमिका है। कार्यक्रम में फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले फार्मासिस्टों को ‘काशी फार्मेसी रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर निदेशक/प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार रहे।
समारोह में आरके सिंह, पीसी कनौजिया, जेके सिंह, अनिल राय, जेएस उपाध्याय, अभिजय श्रीवास्तव, अरुण मौर्य, जेपी वेनबंशी समेत अन्य फार्मासिस्ट उपस्थित रहे। वक्ताओं ने फार्मासिस्ट दिवस के महत्व और स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों के योगदान पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पटेल ने किया।