काशी में 29 नवंबर को सजेगी कथक की महफिल, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक विरासत में शास्त्रीय नृत्य और संगीत का रंग भरने के लिए नटराज संगीत अकादमी की ओर से 31वें कथक महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा। अस्सी घाट स्थित पं. बिरजू महाराज मंच पर होने वाला यह कार्यक्रम शाम चार बजे शुरू होगा।
इसमें वाराणसी सहित देश के विभिन्न शहरों से आए कलाकार कथक नृत्य और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।
अकादमी की निदेशक संगीता सिन्हा के अनुसार, संस्था पिछले तीन दशकों से लगातार इस महोत्सव का आयोजन कर रही है। मंच के माध्यम से अकादमी की छात्राओं के साथ देश के प्रतिष्ठित और उभरते कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के शुरुआती 22 आयोजन डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर हुए थे। इसके बाद दो वर्षों तक कार्यक्रम अस्सी घाट पर आयोजित किया गया। वर्ष 2017 में आयोजन के 25 वर्ष पूरे होने पर सिल्वर जुबली समारोह भी मनाया गया था।
इस महोत्सव का विशेष जुड़ाव कथक सम्राट पं. बिरजू महाराज की परंपरा से रहा है। हर वर्ष उनके शामिल होने से आयोजन की गरिमा बढ़ती रही। अकादमी का उद्देश्य कथक की इस समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ काशी के लोगों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संगीत की विविधता से परिचित कराना है।
इस वर्ष वाराणसी और मुंबई स्थित नटराज संगीत अकादमी की शाखाओं की छात्राएं कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। मुंबई से पहली बार बनारस आ रहीं निधि पम एकल कथक की प्रस्तुति देंगी। वहीं, दिल्ली की कलाकार गौरी दिवाकर भी अपनी एकल नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों के सामने कथक की बारीकियां रखेंगी।
संगीत संगत में दिल्ली के अखिलेश भट्ट, वाराणसी के उदय शंकर मिश्रा और सिद्धार्थ चक्रवर्ती तबले पर साथ देंगे। बांसुरी पर अभिषेक माधुरव प्रस्तुति देंगे। गायन और हारमोनियम की जिम्मेदारी आनंद किशोर मिश्रा तथा मोहित साहनी संभालेंगे, जबकि दिल्ली के शंकुमोय सेन शंख वादन करेंगे।
अकादमी की निदेशक संगीता सिन्हा ने संगीत और नृत्य प्रेमियों से कार्यक्रम में पहुंचकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।