रक्तदान शिविर में 33 यूनिट रक्त संग्रहित, लायंस क्लब वाराणसी सिटी ने सेवा सप्ताह का किया शुभारंभ
वाराणसी। लायन्स सेवा सप्ताह के प्रथम दिवस पर लायंस क्लब वाराणसी सिटी की ओर से मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लब के सदस्यों के साथ रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 33 यूनिट रक्तदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम संयोजक ला. रवी अरोड़ा ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ला. अनूप अग्रवाल एवं ला. अलंकार कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति रही। क्लब पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है।
लायंस क्लब वाराणसी सिटी के अध्यक्ष ला. आशीष केशरी सहित क्लब के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं, आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों और उपस्थित अतिथियों का आभार जताया। सेवा सप्ताह के पहले दिन हुए इस आयोजन को क्लब की सेवा गतिविधियों की सकारात्मक शुरुआत बताया गया।
सेवा सप्ताह के संयोजक आनंद नरायन कपूर, ओमप्रकाश केशरी एवं अनिल कुमार टंडन ने सभी सदस्यों से आगामी सेवा कार्यक्रमों में इसी उत्साह के साथ सहभागिता करने की अपील की।