जैतपुरा में वरुणा नदी में मिला राजमिस्त्री का शव, इलाके में मचा हड़कंप
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया में बुधवार को वरुणा नदी में एक युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान मोहम्मद अखलाक अहमद (32) पुत्र मोहम्मद हनीफ के रूप में हुई है। बताया गया कि अखलाक पेशे से राजमिस्त्री था और वाराणसी के नक्की घाट क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। वह मूल रूप से ग्राम इस्माइलपुर, पोस्ट कलीचाबाद, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ का निवासी था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।