गांधी-शास्त्री को नमन कर पूर्वांचल को नशामुक्त बनाने का संकल्प
वाराणसी। गांधी-शास्त्री जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सिगरा स्थित शास्त्री उद्यान में पूर्वांचल एकता सम्मान गठबंधन की ओर से श्रद्धांजलि एवं नशा विरोधी संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गठबंधन से जुड़े 12 दलों एवं संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और संदेश आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गठबंधन के प्रमुख संयोजक एवं पूर्वांचल मूवमेंट तथा बहुजन समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने की।
राजेश आजाद ने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए पूरे पूर्वांचल को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
कार्यक्रम में राजेश आजाद, मिंटू राजभर, अलीउद्दीन चांद, गीता श्रीवास्तव, डॉ. रश्मि, अजय कुमार श्रीवास्तव, चिन्मय चटर्जी चिन्मयानंद, गोपाल प्रसाद एडवोकेट, रामकृष्ण दुबे एडवोकेट, कृपा शंकर श्रीवास्तव एडवोकेट, संतोष तिवारी और धीरू कुमार एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।