वाराणसी एयर शो को लेकर तैयारियां तेज, गंगा किनारे बनेंगे पार्किंग स्थल, 30 लाख दर्शकों की भीड़ के लिए प्लान तैयार
वाराणसी। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। संभावित 30 लाख दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पार्किंग, प्रवेश-निकास, पैदल मार्ग और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस किया है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का निरीक्षण किया।
पुलिस आयुक्त ने गंगा के दोनों किनारों पर प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का जायजा लेते हुए वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, प्रतीक्षा क्षेत्र और कतार प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
एयर शो के दौरान संभावित भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल मौजूद रहेगा। पुलिस प्रशासन द्वारा निगरानी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से आयोजन क्षेत्र पर लगातार नजर रखने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को आपातकालीन मार्ग और निकास व्यवस्था को हर स्थिति में सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ के दबाव को देखते हुए व्यवस्थाओं में जो भी कमियां हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। इसके लिए आयोजन से पहले पूर्वाभ्यास कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
एयर शो के दौरान पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की योजना है। निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार, एडीसीपी वैभव बांगर और अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।