छात्राओं की पढ़ाई को मिलेगी डिजिटल उड़ान, स्मार्ट क्लासरूम का शुभारंभ
वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, गोलघर मैदागिन में आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को तीसरे स्मार्ट क्लासरूम का शुभारंभ किया गया। रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन, डिस्ट्रिक्ट 3120 की ओर से विद्यालय को इंटरएक्टिव स्मार्ट पैनल प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि पीडीजी रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद स्मार्ट पैनल के संचालन तथा शिक्षण प्रक्रिया में इसके उपयोग की जानकारी दी गई।
नए स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से छात्राएं चित्र, वीडियो और अन्य डिजिटल शिक्षण सामग्री के जरिए विषयों को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से समझ सकेंगी। तकनीक के उपयोग से कक्षा में छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के साथ शिक्षण प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक का समन्वय विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यालय में भविष्य में भी स्मार्ट क्लासरूम के विस्तार तथा छात्राओं की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग का आश्वासन दिया।
विद्यालय की प्रबंधक गरिमा टकसाली एवं सहायक मंत्री पवन कुमार मित्तल ने कहा कि छात्राएं समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम विद्यालय की इसी सोच और प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रधानाचार्या डॉ. संगीता बनर्जी ने रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन सहित इस पहल से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिमा श्रीवास्तव एवं नेहा कक्कड़ ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय समिति के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन, प्रबंधक गरिमा टकसाली, सहायक मंत्री पवन कुमार मित्तल, प्रधानाचार्या डॉ. संगीता बनर्जी, रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन के अध्यक्ष अमित कुमार गुजराती, पीयूष अग्रवाल, पीके अग्रवाल, नंदिता गुजराती, भूपेंद्र अग्रवाल, श्री काशी अग्रवाल समाज के राज किशोर अग्रवाल, श्रीमोहन अग्रवाल, सीए मानस अग्रवाल, पवन अग्रवाल (चैतन्य श्री) सहित शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।