Varanasi News: शिक्षा महोत्सव 2026 में मेधावी छात्र और शिक्षक सम्मानित, करियर गाइडेंस से छात्रों को मिली नई दिशा
वाराणसी। शहर के नदेसर स्थित Hotel Taj Ganges के दरबार हॉल में रविवार को “शिक्षा महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन रविंद्र साहू द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं शिक्षक शामिल हुए।
“शिक्षा महोत्सव करियर गाइडेंस सेशन, द्रोणा अर्जुन अवॉर्ड एवं शिक्षक सम्मान समारोह” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सही करियर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा छात्रों को निःशुल्क करियर काउंसलिंग उपलब्ध कराई गई।
देश के विभिन्न प्रमुख विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों ने अपने स्टॉल लगाकर छात्रों को कोर्स, करियर विकल्प एवं एडमिशन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों एवं अभिभावकों ने इस पहल को काफी उपयोगी बताया और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए।
कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण तब आया जब 12वीं कक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में “द्रोणा अर्जुन अवॉर्ड” देकर सम्मानित किया गया। अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे।
यह पल छात्रों एवं उनके परिवारों के लिए बेहद प्रेरणादायक और यादगार बन गया।
इसके साथ ही शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को “शिक्षक सम्मान समारोह” के अंतर्गत सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के महत्व और युवाओं के भविष्य निर्माण पर भी विस्तार से चर्चा हुई।आयोजक रविंद्र साहू ने कहा कि शिक्षा महोत्सव का उद्देश्य छात्रों को सही दिशा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के लिए बेहद लाभकारी बताया।