वाराणसी बनेगा स्पाइन चिकित्सा का केंद्र, एपेक्स में दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस

 वाराणसी में पहली बार 7 लाइव स्पाइन सर्जरी, 3-4 अक्टूबर को राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस
 

वाराणसी। एपेक्स हॉस्पिटल वाराणसी में सुपर स्पेशियलिटी स्पाइन चिकित्सा एवं उच्च चिकित्सीय शिक्षा को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय एकेडेमिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को किया जाएगा। वाराणसी ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में 26 निःशुल्क स्पाइन सर्जरी के साथ प्रदेश में पहली बार 7 लाइव स्पाइन सर्जरी की जाएंगी।

कॉन्फ्रेंस का आयोजन एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एसके सिंह की अध्यक्षता में स्पाइन सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल और डॉ. अमन वर्मा के संचालन में होगा। उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल से प्रमाणित इस कॉन्फ्रेंस में नई दिल्ली, कोलकाता, विशाखापत्तनम, मुंबई, ऋषिकेश, हैदराबाद, गुरुग्राम, प्रयागराज और लखनऊ समेत विभिन्न शहरों से करीब 33 विशेषज्ञ स्पाइन सर्जन फैकल्टी के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान लाइव सर्जरी, विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल डिस्कशन और केस प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्पाइन सर्जरी की सुरक्षित, सटीक और नवीन तकनीकों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों के लिए हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रो. डॉ. एसके सिंह के अनुसार, एपेक्स हॉस्पिटल में सभी आवश्यक जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। करीब 40 वर्षों से चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत संस्थान को एडवांस्ड स्पाइन सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। उच्च चिकित्सीय शिक्षा के क्षेत्र में अस्पताल में एनबीई से मान्यता प्राप्त डीएनबी ऑर्थोपेडिक तथा एफएनबी स्पाइन सर्जरी और आर्थ्रोप्लास्टी में फेलोशिप विशेषज्ञता की सुविधा उपलब्ध है।