वाराणसी में बदल रहा मौसम का मिजाज, मानसून की विदाई के साथ बढ़ी गुलाबी ठंड
वाराणसी। पूर्वांचल समेत वाराणसी में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदल रहा है। मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने के साथ बारिश की संभावनाएं भी कम होने लगी हैं। मंगलवार को सुबह वातावरण में नमी और पुरवा हवा का असर रहा, लेकिन बारिश के लिए जरूरी परिस्थितियां नहीं बन सकीं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप-छांव का दौर जारी रहने की संभावना है।
मानसून की वापसी का क्रम फिलहाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धीमा पड़ा हुआ है। इसके बावजूद पूर्वांचल में मानसूनी गतिविधियां कमजोर होने लगी हैं। मौसम विभाग ने इस सप्ताह बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं जताई है।
तापमान में गिरावट के साथ मौसम में गुलाबी ठंडक का असर भी महसूस होने लगा है। दिन चढ़ने के साथ धूप की तल्खी कम हुई है। सुबह के समय हल्का कुहासा बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने के संकेत हैं। घरों में कूलर और एसी का इस्तेमाल भी कम होने लगा है।
बीते 24 घंटे में वाराणसी का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह के लिए किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।