नजीराबाद के जंगल में बैल की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
भोपाल। नजीराबाद थाना पुलिस ने सबोदरा के जंगल में बैल की हत्या कर उसका मांस ले जाने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो, ब्रेजा कार, लाइसेंसी 30 बोर राइफल और चाकू-छुरियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, सबोदरा निवासी विश्राम गुर्जर ने 17 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भूरा रंग का बैल 16 सितंबर की शाम से लापता है। अगले दिन गांव के एक व्यक्ति ने तालाब के पास पहाड़ी की झाड़ियों में खून, गोबर और बाल पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर बैल नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गौ-वंश वध प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर टीम की मदद से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सफेद रंग की ब्रेजा और स्कॉर्पियो कार के संबंध में सुराग मिला। दोनों वाहनों को ट्रेस करने के बाद पुलिस ने इरशाद खान और मजहर उर्फ मज्जू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरशाद खान (46), निवासी गौतम नगर भोपाल और मजहर उर्फ मज्जू (36), निवासी जगदीशपुर, इस्लामनगर भोपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अफाक खान निवासी नारियलखेड़ा भोपाल और परवेज खान निवासी जगदीशपुर, इस्लामनगर फरार हैं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी इरशाद खान ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात वह परवेज, मजहर और अफाक के साथ स्कॉर्पियो और ब्रेजा से नजीराबाद के सबोदरा जंगल में शिकार के लिए पहुंचा था। आरोप है कि रात में वाहन की रोशनी में बैल दिखाई देने पर उसने लाइसेंसी 30 बोर राइफल से गोली चला दी। इसके बाद चारों आरोपी बैल को वाहनों में रखकर वहां से चले गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो क्रमांक MP20 CG 9087, ब्रेजा क्रमांक MP04 CM 9252, लाइसेंसी 30 बोर राइफल तथा चाकू-छुरियां जब्त की हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच के साथ ही जंगल क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी और कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
