कानपुर में मिला रामायण काल का जटायु, पहली बार ऐसा गिद्ध देख आश्चर्य में हैं लोग, देखें विडियो...

देश में गिद्ध विलुप्त श्रेणी में आ गए हैं। सरकार इनके संरक्षण के लिए कई योजनाएं भी चला रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक अच्छी खबर आई है। यहां के ईदगाह कब्रिस्तान में एक सफेद हिमालयन गिद्ध मिला है, जिसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस गिद्ध के पंख लगभग पांच-पांच फीट के हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस गिद्ध की उम्र सैकड़ों वर्ष है। यहां गिद्ध का जोड़ा कई दिन से डेरा डाले था।
बताया जा रहा है कि गिद्ध की पहचान करने के बाद ईदगाह में रहने वाले सफीक नाम के युवक ने अन्य 5 लोगों के साथ मिलकर बड़ी चादर तानकर उसे पकड़ा है। सफेद गिद्ध को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को मामले की सूचना दी। पुलिस ने सबसे पहले गिद्ध को अपने कब्जे में लिया। कानपुर में सफेद दुर्लभ गिद्ध का जोड़ा आने की सूचना पर कानपुर जू के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अनुराग सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह गिद्ध विलुप्त श्रेणी में आ गए हैं ऐसे में इस सफेद गिद्ध का कानपुर में पाया जाना बहुत बड़ी सौभाग्य की बात है।
उन्होंने जानकारी देते हुए आगे बताया कि ये हिमालयन ग्रिफोंन वल्चर है। यह हिमालय पर्वत में 13,000 फीट ऊपर बर्फ की चोटियों पर पाए जाते थे, जो अब देखने को नहीं मिलते हैं। ऐसे में सूचना मिल रही है कि यह गिद्द जोड़े में था। अगर इसका जोड़ा भी मिल जाएगा तो हमारे लिए बहुत अच्छी बात होगी।
गिद्ध मिलने के बाद यह सवाल भी उठ खड़ा हुआ है कि आखिर हिमालय में जो सफ़ेद गिद्ध विलुप्त हो गए हैं वह कानपुर में कैसे आ गए। यह बात वन विभाग के लिए भी अचरज बनी हुई है। वन विभाग अब इसके जोड़े की भी तलाश में लग गया है, क्योंकि माना जा रहा है अगर नर गिद्ध यहां पर है तो मादा गिद्ध भी शहर के आसपास ही होगी।