वाराणसी के रहने वाले डिप्टी CMO की प्रयागराज होटल में मिली लाश, हत्या है या आत्महत्या

 
वाराणसी के रहने वाले डिप्टी CMO की प्रयागराज होटल में मिली लाश, हत्या है या आत्महत्या

प्रयागराज के डिप्टी सीएमओ सुनील कुमार सिंह का सोमवार सुबह होटल में शव मिला है। होटल के कमरे में शव बेडशीड से बने हुए फंदे पर लटका हुआ था। सबसे पहले होटल कर्मचारियों ने शव को देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

सुनील कुमार सिंह का 8 महीने पहले मिर्जापुर से प्रयागराज ट्रांसफर हुआ था। वह सीएमओ ऑफिस में तैनात थे और संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए थे। सिविल लाइंस स्थित विट्‌ठल होटल में उन्होंने एक कमरा ले रखा था। 8 महीने यहीं रह रहे थे। सोमवार सुबह उसी कमरे में उनका शव मिला है।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। डॉ. सुनील कुमार सिंह मूल रूप से बनारस के पांडेयपुर के रहने वाले थे। शव की स्थिति को देखकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि ये सुसाइड नहीं, बल्कि हत्या है।

मृतक डॉक्टर सुनील कुमार सिंह संचारी रोग के नोडल अधिकारी नियुक्त थे। सुनील कुमार का शव मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।