Ayodhya Ram Mandir Donation: काशी और प्रयागराज के भिखारी बने दानी, श्री राम मंदिर निर्माण के लिए लाखों रुपया दिया दान

 
Ayodhya Ram Mandir Donation: काशी और प्रयागराज के भिखारी बने दानी, श्री राम मंदिर निर्माण के लिए लाखों रुपया दिया दान

Ayodhya Ram Mandir Donation: अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर के लिए देश दुनिया से तरह तरह का सहयोग मिल रहा है। अनेकों लोग अपनी क्षमतानुसार धनराशि पवित्र काम के लिए भेज रहे हैं।


वहीं इसी कड़ी में कुछ ऐसे लोग भी सहयोग को आगे आये हैं जो खुद श्रीराम के नाम पर भीख मांगते हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं काशी और प्रयागराज के सैकड़ों भिखारियों की जिन्होंने राम के प्रति सच्ची आस्था का सबूत दिया। आपको बता दें कि काशी और प्रयागराज के भिखारियों ने राम मंदिर निर्माण में चार लाख रुपए का चंदा दिया है। काशी और प्रयागराज के भिखारियों ने दान में मिली राशि भगवान श्रीराम को समर्पित कर दी है।


भिखारियों ने किया राम मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग

आपको बता दें कि भिखारियों की भक्ति सुर्खियों में आ गई है। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम सभी पंथ जाति संप्रदाय को एकता के धागे में बांधने के लिए जाने जाते हैं। अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का परिचय है। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों का राम मंदिर निर्माण में सहयोग मिला है। काशी और प्रयागराज के भिखारियों का जज्बा सराहनीय है। संत समाज प्रभु श्री राम से भिखारियों के खुशहाल जीवन की कामना करता है।


काशी में खुद श्री काशी विश्वनाथ ने मांगी थी भिक्षा

वहीं अगली कड़ी में स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि काशी बाबा भोलेनाथ की नगरी है। संपूर्ण विश्व का पालन पोषण करने वाली माता अन्नपूर्णा से स्वयं बाबा भोलेनाथ ने काशी में भिक्षा मांगी थी। इसलिए बाबा भोलेनाथ को महादानी के साथ-साथ भिक्षा मांगने के भी स्वरूप में देखा जाता है। भगवान शंकर की नगरी काशी में रहने वाले हर वर्ग के लोगों ने श्रीराम मंदिर निर्माण में गहरी आस्था दिखाई है।  भिखारियों की प्रदान की गई सहयोग राशि भी विश्व के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा कि धनवान लोग सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने में हिचकते हैं। ऐसे में भिखारियों की पहल सराहना के पात्र है।