धानापुर में पोखर में डूबने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के बभनीयाव गांव में बुधवार शाम पोखर में डूबने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने किशोरी को पोखर से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान आरजू (13) के रूप में हुई है। वह दिनेश की बेटी थी और मूल रूप से बिहार के शिव गांव की रहने वाली बताई गई है। आरजू अपने नाना रामदुलार के घर बभनीयाव रायपुर में रह रही थी। परिजनों के अनुसार किशोरी एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार किशोरी पोखर में किन परिस्थितियों में गिरी और उसकी मौत कैसे हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
