सावधान! कही आप भी तो नहीं खा रहें है मिलावटी मसाला? रॉयल और RL फैक्ट्री पर प्रशासन का छापा!

 चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मसाला निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर हल्दी, मिर्च और धनिया सहित कई उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
सावधान! कही आप भी तो नहीं खा रहें है मिलावटी मसाला? रॉयल और RL फैक्ट्री पर प्रशासन का छापा!
चंदौली में मिलावटखोरों पर शिकंजा, मसाला निर्माण इकाइयों से लिए गए नमूने
 

चंदौली। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मसाला निर्माण इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने जिले की प्रमुख मसाला उत्पादन इकाइयों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न उत्पादों के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मसाला उत्पादन, पैकेजिंग और भंडारण व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान हल्दी, लाल मिर्च, धनिया और अन्य मसालों के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने संदिग्ध सामग्री को सील करते हुए गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार बाजार और उत्पादन इकाइयों की निगरानी कर रहा है ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

सहायक आयुक्त खाद्य एवं विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद मसाला कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल देखी गई। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यापारी या निर्माता के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जिले में आगे भी जांच अभियान जारी रखा जाएगा।

जनपद में हुई इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें प्रयोगशाला रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि लिए गए नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।