सैयदराजा में सड़क खुदाई के बाद नहीं हुई मरम्मत, जलभराव से राहगीर परेशान

सड़क निर्माण के नाम पर खोदकर भूला नगर पंचायत प्रशासन, जलभराव से लोग बेहाल
 
सैयदरा में सड़क खुदाई के बाद नहीं हुई मरम्मत, जलभराव से राहगीर परेशान

सैयदराजा। नगर पंचायत सैयदराजा में सड़क निर्माण के लिए करीब एक माह पूर्व नाग पंचमी से पहले खोदी गई सड़क की उखड़ी पटिया अब तक नहीं हटाई गई है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण आसपास की नालियों का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आगामी तीज-त्योहारों के दौरान व्रती महिलाओं को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ेगा। सड़क पर जमा पानी और उखड़ी पटिया के कारण आसपास के बच्चों के खेलते समय चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

नगरवासियों के मुताबिक, समस्या के संबंध में नगर पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि साफ-सफाई और सड़क व्यवस्था को लेकर कागजी स्तर पर कार्रवाई पूरी कर दी जाती है, जबकि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत, उखड़ी पटिया हटाने और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है।