धानापुर में चोरों का आतंक, नवनिर्मित मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी

धानापुर में लगातार चोरी से दहशत, नवनिर्मित मकान को चोरों ने बनाया निशाना
 
धानापुर में चोरों का आतंक, नवनिर्मित मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की देर रात आवाजापुर गांव के सिवान स्थित एक नवनिर्मित मकान को चोरों ने निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुसे चोर आलमारी और बक्सा तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है।

धानापुर में चोरों का आतंक, नवनिर्मित मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी

आवाजापुर निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मलिंगा के मकान में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि चोरों ने आलमारी और बक्से का ताला तोड़कर सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, सोने की बाली, तीन सोने की अंगूठियां समेत चांदी के सिक्के, गिलास, चम्मच, कटोरी, थाली और पान-सुपारी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये नकद भी ले गए। परिजनों के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

धानापुर में चोरों का आतंक, नवनिर्मित मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी

रात करीब 2:30 बजे धर्मेंद्र सिंह की नींद खुली और वह पेशाब करने के लिए उठे। घर में सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र की माता किरण सिंह पर नींद का स्प्रे किया गया था, जिससे वह गहरी नींद में चली गईं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मंदिरों में भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं

स्थानीय लोगों के मुताबिक धानापुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। करीब एक महीने पहले देवी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। इसके अलावा बिरना गांव में भानु मौर्य के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और नरौली काली मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा व चांदी की आंखें चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि कई घटनाओं के बावजूद अभी तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्पेशल टीम गठित कर होगी कार्रवाई

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम का गठन किया जाएगा। पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।