चंदौली में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

 युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, धर्मांतरण के दबाव की शिकायत पर पांच नामजद
 
चंदौली में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बरहनी ब्लॉक के मरूई गांव निवासी युवती के भाई राजकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर अयान अंसारी उर्फ बापू जान समेत पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, अयान अंसारी उर्फ बापू जान, कर्मुल्लाह अंसारी, जीरजीस अंसारी, अलीम अंसारी और सद्दाम अंसारी पर युवती को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि युवती और अयान दोनों की उम्र 21 वर्ष है और दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। तहरीर में युवती के हिंदू और अयान के मुस्लिम होने का भी उल्लेख किया गया है।

युवती के भाई ने आरोप लगाया कि अयान अंसारी उसकी बहन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा है। परिवार को धमकी दिए जाने का आरोप भी तहरीर में लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से युवती की बरामदगी के साथ नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती की बरामदगी के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल धर्मांतरण के दबाव और धमकी समेत लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता की तहरीर पर आधारित हैं।