धानापुर में बंद मकान से लाखों की चोरी, 1.60 लाख नकद और जेवर ले गए चोर, CCTV में कैद हुई वारदात
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिरना गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात बुधवार रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह परिजन नए मकान पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान है। मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार रात में पुराने मकान में सोने चला जाता था। इसी का फायदा उठाकर चोर बुधवार रात बंद घर में घुस गए। चोरों ने घर से करीब 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह घर पहुंचने पर परिजनों ने सामान अस्त-व्यस्त देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
बताया जा रहा है कि चोरी की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं और उनके पास असलहा होने की बात भी सामने आई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

लगातार चोरियों से ग्रामीणों में नाराजगी
धानापुर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की वारदातें लगातार हो रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। कुछ दिन पहले धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट और नरौली काली मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा तथा चांदी की आंखें चोरी होने की घटना भी सामने आई थी।

लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीण पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना जरूरी है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा बना रहे।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
