झुंगिया में नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी, सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
सहजनवां, गोरखपुर। सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत सहजनवां थाना क्षेत्र के झुंगिया गांव में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में हुआ। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने सरल संवाद और मनोरंजक प्रस्तुति के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। प्रस्तुति के दौरान उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
कलाकारों ने ग्रामीणों से अपील की कि पात्र लाभार्थी योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। कलाकारों ने यह भी समझाया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी रखना जरूरी है।
नुक्कड़ नाटक में मोनी साहनी, पल्लवी सिंह, चांदनी विश्वकर्मा, दिव्या चौधरी, अभिषेक गुप्ता, प्रियांशु वर्मा, अरुण राय और सागर चौधरी ने अभिनय एवं संवाद के माध्यम से प्रस्तुति दी।
इस दौरान युवा नेता अभिषेक पांडेय के अलावा ग्रामीण बंगाली प्रसाद, बलवंत सिंह, चंद्र कुमार, राम आशीष और चंद्र भान सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और सहज तरीके से समझने में मदद मिलती है।
