डेंगू-मलेरिया की रोकथाम को तेज हुआ अभियान, घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
वाराणसी। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ गुरुवार को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा में हुआ। पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया। नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
रैली में नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि संचारी रोगों के प्रसार को रोकने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर निगम, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास समेत अन्य विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम सामूहिक जिम्मेदारी है और जनसहभागिता से ही इसके प्रभावी परिणाम सामने आएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने अभियान के तहत सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार निर्धारित गतिविधियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घर-घर संपर्क के दौरान आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराने की अपील भी की गई।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी। अस्पतालों में आने वाले बुखार के मरीजों की जांच एवं उपचार के साथ उन्हें संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में मंडलीय चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. शिशिर कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी शरदचंद पांडेय सहित नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
