वाराणसी में एलटीडब्ल्यूसी के आधिकारिक चैप्टर का शुभारंभ

 
विश्व पर्यटन दिवस पर वाराणसी में LTWC चैप्टर लॉन्च, महिला ट्रैवल प्रोफेशनल्स ने लिया हिस्सा

 वाराणसी। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर होटल स्क्वायर इन, मॉल रोड, कैंटोनमेंट में लेडीज ट्रैवल एंड टूरिज्म कम्युनिटी (एलटीडब्ल्यूसी) के वाराणसी चैप्टर का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन एवं यात्रा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में स्काईलाइन से प्रदीप रॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में एलटीडब्ल्यूसी वाराणसी चैप्टर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस दौरान वाराणसी की महिला ट्रैवल प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में आपसी मेलजोल, अनुभवों के आदान-प्रदान और सार्थक संवाद के साथ मनोरंजक गतिविधियों एवं खेलों का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र में आपसी सहयोग तथा व्यावसायिक संपर्क को मजबूत करने पर चर्चा की।

एलटीडब्ल्यूसी की संस्थापक अनामिका मिश्रा के नेतृत्व में यह संस्था यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। एलटीडब्ल्यूसी वाराणसी चैप्टर की टीम में अनामिका मिश्रा, शुभांगी देवरानी, जया सिंह, रतिका तिवारी, अनुपमा सिंह, पूजा श्रीवास्तव, केशी सिंह, अनुपमा (चीकू कैब), ज्योति चौबे, अमृता सिंह और अक्षिता खन्ना सहित अन्य महिला पेशेवर शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान एलटीडब्ल्यूसी के उद्देश्यों और आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। संस्था का उद्देश्य यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के बीच आपसी सहयोग, व्यावसायिक संपर्क, ज्ञान के आदान-प्रदान और नए अवसरों को बढ़ावा देना है I

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। एलटीडब्ल्यूसी वाराणसी चैप्टर का शुभारंभ यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के लिए एक नए साझा मंच की शुरुआत के रूप में हुआ।