टकसाल सिनेमा पर नगर निगम की कार्रवाई, सड़क पर मलबा फैलाने पर लगा 4 हजार का जुर्माना
नगर निगम की सख्ती, टकसाल सिनेमा पर सड़क पर मलबा फैलाने के मामले में कार्रवाई
Sep 29, 2026, 17:12 IST
वाराणसी। नदेसर राजा बाजार क्षेत्र में ताज होटल के सामने टकसाल सिनेमा परिसर के ध्वस्तीकरण से निकला मलबा और मिट्टी सड़क पर फैलाना प्रबंधन को महंगा पड़ गया। स्वच्छता निरीक्षण के दौरान सड़क पर मलबा फैला मिलने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए टकसाल सिनेमा पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया और चालान काटा।

ध्वस्तीकरण के बाद परिसर से निकला मलबा और मिट्टी सड़क तक फैल गई थी, जिससे मार्ग पर गंदगी के साथ आवागमन में भी परेशानी की स्थिति बनी हुई थी। निरीक्षण के दौरान मामला सामने आने के बाद नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
नगर निगम ने जुर्माना लगाने के साथ ही मौके और संबंधित मार्ग की सफाई भी शुरू करा दी। अधिकारियों ने सार्वजनिक मार्गों पर निर्माण या ध्वस्तीकरण से निकलने वाले मलबे को फैलने से रोकने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया है।
