लाट भैरव तिलकोत्सव का वीडियो वायरल, पुलिस ने बताया AI से तैयार
वाराणसी। लाट भैरव मंदिर में आयोजित तिलकोत्सव और विवाहोत्सव से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महिला कलाकारों के साथ पुलिसकर्मियों को खड़ा दिखाया गया है। पुलिस की जांच में वीडियो के एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 23 से 27 सितंबर तक लाट भैरव बाबा का तिलकोत्सव और विवाहोत्सव आयोजित हुआ था। इसी दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला कलाकारों की नृत्य प्रस्तुति हुई थी। पुलिस का कहना है कि वास्तविक कार्यक्रम के अन्य वीडियो में कलाकारों के पास पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके बाद पुलिसकर्मियों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर एआई की मदद से कथित तौर पर यह वीडियो तैयार किया गया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में लाट भैरव पुलिस चौकी प्रभारी बलिराम यादव की तहरीर पर आदमपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पारंपरिक आयोजन का हिस्सा है सांस्कृतिक प्रस्तुति
मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, लाट भैरव के तिलकोत्सव और विवाहोत्सव में नृत्य प्रस्तुति परंपरा का हिस्सा रही है। आयोजन के दौरान कज्जाकपुरा स्थित मुख्य मंदिर से विवाह सामग्री लेकर श्रद्धालु विश्वेश्वरगंज सब्जी मंडी पहुंचते हैं। इसके बाद जुलूस काल भैरव मंदिर जाता है, जहां पूजा और आरती के बाद आयोजन लाट भैरव मंदिर में संपन्न होता है।
नोट: वीडियो को लेकर इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग दावे किए गए हैं। पुलिस की ओर से इसे एआई से तैयार किया गया वीडियो बताया गया है और मामले की जांच जारी है।
